तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने बुधवार को अमेज़न के डेटा सेंटर की आधारशिला रखी और कंपनी से राज्य सरकार द्वारा हैदराबाद के बाहरी इलाके में विकसित किए जा रहे भारत फ्यूचर सिटी में 2034 तक 1 लाख करोड़ रुपये का निवेश करने का आग्रह किया ।
रेड्डी ने राज्य के उद्योग मंत्री डी श्रीधर बाबू और अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में भारत फ्यूचर सिटी में डेटा सेंटर की आधारशिला रखी ।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य तेलंगाना को 2034 तक एक खरब अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था और 2047 तक तीन खरब अमरीकी डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाना है, जबकि केंद्र सरकार का लक्ष्य 2047 तक देश को 30 खरब अमेरिकी डालर की अर्थव्यवस्था बनाना हैं ।
राष्ट्रीय सकल घरेलू उत्पाद में तेलंगाना का योगदान पांच प्रतिशत है और राज्य सरकार इसे बढ़ाकर 10 प्रतिशत करना चाहेगी । उन्होंने कहा कि इसके लिए बुनियादी ढांचे और रोजगार में निवेश की आवश्यकता है ।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने'तेलंगाना राइजिंग 2047'के लिए अपने दृष्टिकोण को रेखांकित करते हुए एक नीतिगत दस्तावेज का अनावरण किया है ।
उन्होंने कहा, " मैं अपने दोस्तों को सुझाव दूंगा कि मुझे पता है कि आपकी योजना अगले 14 वर्षों में सात अरब अमेरिकी डॉलर के निवेश की है, लेकिन यह मेरे एक खरब अमेरिकी डॉलर के सपने के लिए पर्याप्त नहीं है । मेरा सुझाव है कि 2034 तक आप इस भारत फ्यूचर सिटी में 1 लाख करोड़ रुपये का निवेश करें । तभी मैं एक खरब अमरीकी डॉलर की अर्थव्यवस्था का सपना देख सकता हूं । "
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कंपनी को हर संभव सहायता प्रदान करेगी और वह हर महीने अमेज़न के अधिकारियों से मिलकर निवेश प्रक्रिया की समीक्षा करेगी ।
Get Swadesi News in your inbox
Top stories, mandi prices, weather alerts — once a day, in your language. Free, no spam.