Entertainment

यूट्यूबर एल्विश यादव के गुरुग्राम स्थित आवास पर गोलीबारी के आरोप में छठा आरोपी गिरफ्तार

Editorial2 min read
Share
यूट्यूबर एल्विश यादव के गुरुग्राम स्थित आवास पर गोलीबारी के आरोप में छठा आरोपी गिरफ्तार

Elvish Yadav

Editorial

गुरुग्राम 11 जुलाई ( पीटीआई ) पुलिस ने यहां यूट्यूबर एल्विश यादव के आवास पर गोलीबारी की घटना में छठे आरोपी को गिरफ्तार किया । अधिकारियों ने कहा कि सेक्टर 34 के रहने वाले भविष्य दहिया ( 31 ) को शुक्रवार रात गिरफ्तार किया गया । पुलिस ने कहा कि वह यादव का व्यापारिक भागीदार भी था । इस मामले में पांच आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके थे । पुलिस के अनुसार अज्ञात हमलावरों ने पिछले साल 17 अगस्त को सुबह 5.25 बजे सेक्टर 57 में यादव के घर पर गोलीबारी की थी । यादव के पिता की शिकायत के आधार पर सेक्टर 56 पुलिस स्टेशन ने एक प्राथमिकी दर्ज की थी । शिकायत में यादव के पिता ने आरोप लगाया कि तीन अज्ञात लोग मोटरसाइकिल पर आए और भागने से पहले घर की निचली और पहली मंजिल पर अंधाधुंध गोलीबारी कर दी । उन्होंने कहा कि यह घटना आवास पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई । एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि पूछताछ के दौरान यह सामने आया कि दहिया और यादव व्यापारिक भागीदार थे । वित्तीय विवाद और पैसे के लालच के कारण आरोपी ने कथित तौर पर अन्य सहयोगियों की मदद से हमले को अंजाम देने के लिए एक अन्य सह - आरोपी के साथ साजिश रची । दहिया की गिरफ्तारी के साथ - साथ मामले में अब तक छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है । पुलिस ने कहा कि अभियुक्तों से पूछताछ की जा रही है ।

Get Swadesi News in your inbox

Top stories, mandi prices, weather alerts — once a day, in your language. Free, no spam.